रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत हॉस्पिटल कॉलोनी के निकट मेन रोड पर मंगलवार की शाम अनियंत्रित कार ने स्थानीय व्यक्ति को चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार भुरकुंडा हॉस्पिटल कॉलोनी शिव मंदिर के निकट स्थानीय भीम गंझू (42 वर्ष) पिता स्व. नागेश्वर गंझू पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान भुरकुंडा बाजार की ओर जाती तेज रफ्तार सैंट्रो कार (JH 01 BG 1043) ने उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे भीम गंझू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और पैर में गंभीर चोट लगी।
वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने लगा। इस क्रम में अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी स्थानीय विजय सिंह की कार से जा टकराई। यह देख आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल भीम गंझू को भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया।
इधर, मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस कार को जब्त कर भुरकुंडा ओपी ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पर चालक के अलावा महिला और बच्चा भी सवार थे। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
