रांची: झारखंड उर्दू अकादमी के गठन को लेकर राज्य सरकार की ओर से जल्द बड़ा फैसला सामने आ सकता है। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल अंसारी ने संकेत दिया है कि आगामी कैबिनेट बैठक में अकादमी के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। मंत्री की इस घोषणा से लंबे समय से उर्दू अकादमी की मांग कर रहे साहित्यकारों, शायरों और उर्दू प्रेमियों के बीच नई उम्मीद जगी है।

रांची के कडरू स्थित हज हाउस में विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर आयोजित जश्न-ए-उर्दू समारोह में मंत्री ने यह बात कही। सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उर्दू भाषा, साहित्य, शायरी और पत्रकारिता से जुड़ी हस्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

हफीजुल अंसारी ने कहा कि उर्दू के विकास और संरक्षण के लिए अब तक जितने प्रयास होने चाहिए थे, उतने नहीं हो सके। भाषा को आगे बढ़ाने के लिए सरकारी पहल के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उर्दू के विकास को लेकर गंभीर है और अकादमी के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की भी मौजूद रहे। दोनों ने उर्दू की साहित्यिक परंपरा और सामाजिक-सांस्कृतिक महत्व पर अपनी बातें रखीं।

वक्ताओं ने कहा कि उर्दू की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों को भाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने की जरूरत है। उर्दू को किसी एक समुदाय तक सीमित करके देखने के बजाय इसे साझा सांस्कृतिक धरोहर के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
समारोह में डॉ. दानिश अयाज, शाहीन अहमद, सैयद रमीज आसिफ नईम, इकबाल सबा, इमरान आमिरउल, वसीम अकरम, नौशाद कादरी, फहीम अख्तर, मुकर्रम हयात, सरफराज आलम, गुलाम शाहिद, फिरोज जिलानी, जावेद खान, एमएम राही, नकी इमाम रिजवी, नसीम अख्तर, असफर नवाज, अबुजर गफ्फारी, मोहम्मद रहमतुल्लाह, आदिल रशीद, इलियास अंसारी, मुस्ताक आलम, एस. अली और जुनैद आलम समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान साहित्यकारों, शायरों और पत्रकारों को सम्मानित कर उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार तथा साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

