21 कांडों में वांछित है आदेश गंझू, बारियातू थाना क्षेत्र में हुआ गिरफ्तार

नीतीश भारती

लातेहार: पुलिस ने अभियान चलाकर 50 हजार के इनामी कुख्यात आदेश गंझू समेत तीन अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी बारियातू थाना क्षेत्र के बनवार स्थित पकरूआ जंगल से की गई है। आदेश गंझू तीन जिलों में सक्रिय और 21 आपराधिक कांडों में वांछित बताया जाता है। 

इस संबंध में शुक्रवार को लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधकर्मी आदेश गंझू अपने चार–पांच अन्य सहयोगियों के साथ बालूमाथ–बारियातु क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने घेराबंदी कर बारियातु थाना क्षेत्र के ग्राम बनवार स्थित पकरूआ जंगल से आदेश गंझू पिता जगतु गंझू, उज्जवल कुमार पिता हुलास राणा और सुभाष कुमार पितानागेश्वर साव को गिरफ्तार किया। तीनों अभियुक्त चतरा जिला अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। 

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से टीएसपीसी उग्रवादी संगठन से संबंधित पर्चा व डायरी, एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 7.65 एमएम की 10 जिंदा गोलियां, 8 एमएम की 25 गोलियां, दो मोबाइल फोन, दो स्पोर्ट्स बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

एसपी कुमार गौरव ने बताया कि आदेश गंझू का आपराधिक इतिहास रहा है। वह लातेहार जिले के बालूमाथ और बारियातु थाना क्षेत्र, चतरा जिले के टंडवा, लावालौंग, गिद्धौर, सिमरिया थाना क्षेत्र, हजारीबाग जिले के केरेडारी तथा रांची जिले के खलारी और मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी जैसी घटनाओं में सक्रिय रहा है। इन अपराधों में उसकी भूमिका अहम रही है।

उन्होंने बताया कि कुख्यात अपराधी आदेश गंझू पर झारखंड सरकार द्वारा पहले से ₹50,000 का इनाम घोषित था। एसपी ने बताया कि वह प्रभाकर जी, कौशल जी, उपेंद्र जी और विक्रम जी जैसे फर्जी नामों का इस्तेमाल कर लेवी की मांग करता था।

छापामारी दल में बालूमाथ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद रवानी, अंचल पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, बारियातु थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, अनुप कुमार, होसेन डांग, देवेंद्र कुमार, अनुभव सिन्हा, धीरज कुमार सिंह, गौतम कुमार सहित बारियातु एवं बालूमाथ थाना के सशस्त्र बल, सैट-6, आईआरबी-4 और आईआरबी-8 के जवान शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!