गिरिडीह: नगरपालिका चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में मतदान कर्मियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। रैंडमाइजेशन के अंतर्गत मतदान केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी, द्वितीय मतदान पदाधिकारी, तृतीय मतदान पदाधिकारी, चतुर्थ मतदान पदाधिकारी एवं अन्य निर्वाचन कर्मियों का कंप्यूटराइज्ड माध्यम से चयन किया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कर्मियों की तैनाती पूर्णत रैंडम तरीके से हो तथा किसी भी व्यक्ति को पूर्व में उसके कार्यस्थल या क्षेत्र की जानकारी न हो। रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में एवं संबंधित कोषांगों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।
रैंडमाइजेशन के पश्चात कर्मियों को उनके दायित्वों एवं मतदान दिवस से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात सभी संबंधित कर्मियों को उनके मतदान केंद्र, दायित्व एवं चुनावी जिम्मेदारियों की जानकारी प्रदान की गई। यह रेंडमाइजेशन प्रक्रिया जिले के अंतर्गत नगर निगम गिरिडीह, नगर पंचायत बड़की सरैया एवं धनवार नगर पंचायत क्षेत्र के लिए संपन्न कराई गई। निर्वाचन कार्य के लिए जिले में कुल 166 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
