गोमिया (बोकारो): वी द पिपुल अभियान दिल्ली और आशा किरण सेवा संस्थान बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में चतरो-चट्टी पंचायत भवन में “संविधान से समाधान” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय मुखिया महादेव महतो द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाता है।
मौके पर आशा किरण सेवा संस्थान के सचिव विजय कुमार महतो ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाला मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि जब तक आम नागरिक संविधान के मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को नहीं समझेंगे, तब तक वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन कोऑर्डिनेटर अजय कुमार महतो, प्रशिक्षक पवन कुमार सिन्हा एवं रसना वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, पंचायत स्तर पर लोकतांत्रिक भागीदारी तथा सामाजिक समस्याओं के समाधान में संवैधानिक प्रावधानों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। प्रतिभागियों ने संविधान के प्रति जागरूकता फैलाने और उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

प्रशिक्षण में मुख्य रूप से प्रेमलता देवी, सरिता देवी, रीना कुमारी, सोनम कुमारी, सुनीता कुमारी, मीना देवी, बबिता कुमारी सहित 33 प्रतिभागी शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!