| बाइक सवार अपराधियों नै चलाई कई राउंड गोलियां |
| सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी |
रामगढ़: पतरातू थाना अंतर्गत सरैया टोला में बीती रात अपराधियों ने गोलीबारी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। बाइक पर पहुंचे चार अपराधियों ने दो मकानों पर कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग की है। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल और अपराधियों छानबीन में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात तकरीबन नौ बजे दो बाइक पर पहुंचे चार अपराधियों ने रेलवे साइडिंग संचालक और कोयला कारोबारी गजानंद प्रसाद उर्फ गज्जू साव और सयाल लोकल सेल के अध्यक्ष नीतीश कुमार के घर के बाहर 8-9 राउंड गोलियां चलाई। घटना को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले।
मामले की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी और इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने भुक्तभोगियों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस को अलर्ट कर मुख्य सड़कों पर चेकिंग शुरू की गई। वहीं घटनास्थल से पुलिस ने छोटे -बड़े हथियार के कई खोखे बरामद किए हैं। साथ ही सीसीटीवी में कैद वारदात की फुटेज को भी खंगाला गया है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी पल्सर और अपाची बाइक पर सौंदा बस्ती की ओर से आए थे और फायरिंग कर फरार हो गए। चर्चा है कि अपराधियों ने सौंदा बस्ती चौक के निकट भी फायरिंग की है।
