लोहरदगा लायंस ने फाइनल में पलामू जगलर्स को 8 विकेट से हराया
रांची/लोहरदगा: खेल के क्षेत्र में झारखंड निरंतर आगे बढ़ रहा है। झारखंड के खिलाड़ी देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉनबॉल सहित अन्य खेलों में भी हमारे राज्य के खिलाड़ी आगे बढ़ें। यह बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को बीएस कॉलेज मैदान लोहरदगा में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह उपस्थित थे।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला लोहरदगा लायंस और पलामू जगलर्स के बीच खेला गया। जिसमें लोहरदगा लायंस ने पलामू जगलर्स को 8 विकेट से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को खनिज संपदा के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि आने वाले समय में इस राज्य को खिलाड़ियों के नाम से भी जाना जाए, इस हेतु बेहतर कार्य योजना बनाते हुए हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीएस कॉलेज मैदान में आकर अच्छा लग रहा है। राज्य सरकार ने मैदान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भविष्य में भी मैदान को और भी विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू सहित अन्य गणमान्य और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
