रामगढ़: पतरातू प्रखंड में रविवार को चार अलग-अलग सड़क दुघर्टना में पांच लोग घायल हो गए। सभी का प्राथमिक उपचार पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो व्यक्ति को रेफर कर दिया गया है।
पहली दुर्घटना बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत लबगा में रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क पर शाम तकरीबन छह बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार पंच मंदिर पीटीपीएस निवासी जय राम उपाध्याय (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय विभूति नारायण उपाध्याय बाइक पर रामगढ़ से पतरातू की ओर लौट रहे थे। इस क्रम में महुआ मोड़ के निकट अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए भाग निकला। दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों के सहयोग उन्हें पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

दूसरी दुर्घटना पतरातू थाना अंतर्गत पालू पंचायत में शाम तकरीबन सात बजे हुई। जिसमें बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार तिलैयाटांड़ निवासी विनोद उरांव (30 वर्ष) पिता स्व. पालन उरांव और कोतो निवासी प्रदीप मुंडा (19 वर्ष) पिता बाबूराम मुंडा होंडा साइन बाइक (JH 24P 8476) पर पालू से तिलैयाटांड़ की ओर जा रहे थे। इस क्रम में पालू तालाब के निकट बाइक अंसतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों सवार को हल्की चोंटें आई हैं। पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका उपचार किया गया।

तीसरी दुर्घटना घटना पतरातू थाना अंतर्गत डाड़ीडीह पोखर के निकट हुई। जिसमें एक अज्ञात बाइक ने साइकिल सवार को चपेट में ले लिया। जिससे साइकिल सवार चोटिल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार रोचाप निवासी फूलचंद महतो (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहन महतो, दैनिक मजदूरी कर अपने घर रोचाप लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में फुलचंद महतो घायल हो गए जबकि बाइक सवार भाग निकला। स्थानीय ग्रामीणों घायल को तत्काल पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया गया।

वहीं चौथी सड़क दुर्घटना बासल थाना क्षेत्र के लबगा की बताई जाती है। जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसे स्थानीय लोगों को सहयोग से पतरातू स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। आनन-फानन में रिम्स ले जाया गया है। दुर्घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। घायल का नाम इस्माइल अंसारी बताया जा रहा है।
