| रामगढ़ जिला प्रशासन की पहल |
रामगढ़: उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के ब्यूटीशियन कोर्स की शुरुआत की गई है। भुरकुंडा क्षेत्र के सुंदरनगर में सोमवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, प्रखंड विकास पदाधिकारी पतरातू मनोज कुमार गुप्ता और गुरु नायक अरुणा किन्नर के द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके तहत आरसेटी रामगढ़ एवं बैंक ऑफ़ इंडिया के सहयोग से रामगढ़ जिला अंतर्गत पतरातू प्रखंड के सुंदर नगर क्षेत्र में रह रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को 15 दिवसीय ब्यूटीशियन कोर्स का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
बताया जाता है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी कौशल क्षमता विकसित करने का प्रयास है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी एवं ग्रूमिंग से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार स्थापित कर सकें। इसे लेकर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा प्रतिभागियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
