सुथरपुर में हो रहे पुल निर्माण में मांगी गई थी रंगदारी
रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुथरपुर में पुल निर्माण करा रहे संवेदक से रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोली और दो एंड्रॉयड फोन बरामद किया है। आरोपित अशोक कुमार महतो (29 वर्ष) पिता गोपाल महतो पतरातू थाना क्षेत्र के रोचाप का रहनेवाला है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पांडेय गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। 
इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी ने शुक्रवार को भदानीनगर ओपी में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुथरपुर गांव में पुल निर्माण कार्य रंगदारी की मांग करते हुए फोन पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। जिसपर पतरातू थाना (भदानीनगर ओपी) में प्राथमिकी दर्ज की गई।
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस क्रम में अभियुक्त को देशी पिस्टल और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पास से धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गौरव गोस्वामी ने बताया कि अभियुक्त पर पतरातू थाना में पूर्व से चार कांड दर्ज हैं।
छापेमारी अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी, सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह, पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमा शंकर वर्मा, भदानीनगर एसआई मनोज मुर्मू संजय सोय शामिल थे।
