रामगढ़: पतरातू में बीती रात पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर रेलकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रामाधार प्रसाद (लगभग 56 वर्ष) पतरातू रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में मेट के पद पर कार्यरत थे।
दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लोको शेड के निकट122/29-31 के बीच ट्रेन से मवेशी की मौत की सूचना पर रामाधार प्रसाद ट्रैक से शव हटाने पहुंचे। इस क्रम में वे गोमो से बरवाडीह जानेवाली ट्रेन की चपेट में आ गए। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में उन्हें पतरातू रेलवे अस्पताल लाया गया। जहां उनकी मौत की पुष्टि कर दी गई।
चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट और काफी मात्रा में रक्त स्राव होने से रामाधार प्रसाद की मौत हो गई है। इधर, मामले की सूचना पर जीआरपी बरकाकाना बुधवार की सुबह रेलवे अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक रेलकर्मी रामाधार प्रसाद अपने पीछे पत्नी और तीन बेटे छोड़ गए हैं। उनकी तीन शादीशुदा बेटियां भी हैं। इधर, रेलकर्मी की मौत पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्पलाइज यूनियन पतरातू के शाखा सचिव संजीव कुमार ने शोक संवेदना जताई है।
बताते चलें कि 11 दिन पूर्व भुरकुंडा रेलवे स्टेशन के निकट भी एक मेट राकेश कुमार यादव की भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
