• बुढ़मू थाना क्षेत्र के इचापिरी गांव के तालाब से बरामद हुआ सामान, अभियुक्त फरार
रामगढ़: हेंदेगीर-कोले रेलवे स्टेशन के बीच रेल संपत्ति की चोरी के मामले में आरपीएफ पतरातू को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ ने रांची जिला अंतर्गत बुढ़मू थाना क्षेत्र के ईचापिरी स्थित एक तालाब से ट्रैक सेंसर और क्लैप असेंबली सहित कई अन्य सामान बरामद किया है। जबकि अभियुक्त गुड्डू मलिक फरार बताया जाता है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ की छापेमारी जारी है।

इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि बीते 10 अप्रैल की रात हेंदेगीर स्टेशन और कोले स्टेशन के बीच पोल संख्या 137/06 से 138/07 के बीच 11 ट्रैक सेंसर और क्लैंप असेंबली चोरी कर ली गई थी। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,80000 आंकी गई। चोरी के संबंध में आरपीएफ पोस्ट पतरातू में कांड दर्ज किया गया।
आरपीएफ ने डंप डाटा के आधार पर बीते 6 मई को राजेंद्र कुमार महतो (26 वर्ष) को रिंच और कटर के साथ गिरफ्तार किया। वह हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी थाना क्षेत्र के बड़की मेडी, पाताल का रहनेवाला है। 7 मई को उसे रेलवे न्यायालय डाल्टनगंज में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। उसकी निशानदेही पर 8 मई को चोरी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्रो. मोटरसाइकिल संख्या (JH 02R 8272) को दूसरे अभियुक्त गुड्डू मलिक के घर के बाहर से जब्त किया गया।
जबकि गुड्डू मलिक की गिरफ्तारी और शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए आरपीएफ लगातार छापेमारी कर रही थी। इधर, 12 मई को गुप्त सूचना मिली कि गुड्डू मलिक तालाब से कुछ सामान बाहर निकाल रहा है।
सूचना पर निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक सोनू कुमार, प्रधान आरक्षी रवि शंकर यादव और CIB बरकाकाना की टीम ने ईचापिरी गांव के दक्षिण स्थित तालाब पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वह सामान छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
| आरपीएफ पतरातू ने इचापिरी से बिना तार के 8 ट्रैक सेंसर, 1 क्षतिग्रस्त ट्रैक सेंसर, 1 ट्रैक सेंसर पूरे सेट के साथ, 2 सेट डिफलेक्टर, 5 सेट सेंसर असेंबली, 1 बिना प्लेट की सेंसर असेंबली, करीब 3.5 किलोग्राम नट-बोल्ट, 9 पीस पेंड्रोल क्लिप, करीब 30 फीट बिना तार का केबल बरामद किया गया है। 11 ट्रैक सेंसर से 10 बरामद किए गए हैं। |
