रामगढ़: पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुनायत ने विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण के उद्देश्य से बड़ी पहल “प्रहरी की शुरुआत की है। अड्डेबाजी, छेड़छाड़, अवैध पार्किंग सहित अन्य अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पैदल गश्ती कर पहल शुरू की। “प्रहरी”के तहत चिन्हित स्थानों पर पैदल गश्ती की जाएगी, अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा और नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग की जाएगी। 

पैदल गश्ती से मजबूत होगी आम जन में सुरक्षा की भावना 

आम जनों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने, पुलिस की दृश्यता को बढ़ाने, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की रोकथाम, अड्डेबाजी, सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग को रोकने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु संवेदशील मार्गों पर पैदल गश्ती की जाएगी। इसके तहत रामगढ़ जिलान्तर्गत सभी थाना और ओपी प्रभारी अन्य पुलिस कर्मियों के सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्धारित मार्गों पर समय के अनुसार पैदल गश्ती करेंगे।गश्ती के मार्ग का चयन अपराध की प्रवृति, छेडखानी, अड्डेबाजी, ट्रैफिक की समस्या, अतिक्रमण की समस्या, बाजार या भीड़-भाड़ वाले स्थान/स्कूल/कॉलेज के आस-पास अवैध पार्किंग एवं आम जनता से प्राप्त सुझाव के आधार पर किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के स्तर से माह में एक बार प्रतिदिन का रूट चार्ट निर्गत किया जायेगा। अब तक कुल 76 मार्गो का चयन किया गया है।

अड्डेबाजी के विरूद्ध चलेगा सघन अभियान, होगी कार्रवाई 

रामगढ़ जिला अन्तर्गत मादक व नशीले पदार्थों के सेवन व खरीद/फरोख्त को रोकने तथा अपराध नियंत्रण व रोकथाम हेतु जिला पुलिस द्वारा विभिन्न थाना/ओपी अन्तर्गत अड्डेबाजी के कुल 114 स्थलों को चिन्हित किया गया है। अड्डेबाजी के इन स्थलों को 05 अलग-अलग कलस्टरों में बाँटा गया है तथा प्रत्येक कलस्टर के चिन्हित स्थलों पर छापामारी हेतु थाना/ओपी में छापामारी दल का गठन किया गया है। अभियान के तहत् सभी थाना/ओपी प्रभारी पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार तय समय और कलस्टर के स्थलों पर बराबर छापामारी अभियान चलायेंगे और अड्डेबाजी में संलिप्त असामाजिक तत्वों पर नियमानुकुल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक भी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत किसी एक थाना का नेतृत्व कर प्रभावी छापामारी करना सुनिश्चित करायेंगे। आम जनता भी अड्डेबाजी के स्थानों के संबंध में सूचना जिला पुलिस के व्हाट्सएप्प नम्बर 9262998529 पर दे सकती है।

दिन में तीन बार की जाएगी एंटी क्राइम चेकिंग 

रामगढ़ जिलान्तर्गत सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, उद्भेदन और रोकथाम, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने, बाईकर्स/रैश ड्राईविंग पर नियंत्रण हेतु एण्टी क्राईम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत् सम्पूर्ण जिला में 69 स्थलों को चिन्हित किया गया है। चिन्हित स्थल पर चेकिंग हेतु चेकिंग टीम का गठन किया गया है, जिसमें थाना के पदाधिकारी, थाना गश्ती, पीसीआर और पैंथर मोबाईल शामिल होंगे। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार चिन्हित प्लान एवं तय समयानुसार दिन में कम से कम तीन बार एंटी क्राईम चेकिंग की जाएगी।

 

By Admin

error: Content is protected !!