रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक कर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अब तक पूर्ण हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और लंबित योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।
बैठक के दौरान हर घर नल से जल’ योजना की समीक्षा करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने के कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर घर तक गुणवत्तापूर्ण जल पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, उनके उपयोग और ओडीएफ प्लस (ODF Plus) के मानकों को लेकर चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कचरा प्रबंधन की दिशा में बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित जल मीनारों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। जो जल मीनारें तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर चालू करने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया गया। बैठक में आगे पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्राप्त जन-शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान त्वरित और प्रभावी ढंग से किया जाए।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
