रामगढ़: रेलवे सुरक्षा बल पतरातू पोस्ट ने पतरातु गुड्स शेड के साइडिंग लाइन से सिग्नलिंग केबल चोरी करते तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से करीब 20 मीटर लंबा 12 कोर का रेलवे सिग्नलिंग केबल बरामद हुआ है। जिसकी कीमत लगभग 2000 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहन डे (50 वर्ष), राहुल कुमार (18 वर्ष) और गौतम कुमार (20 वर्ष) शामिल हैं। तीनों सौंदा बगीचा के रहनेवाले हैं। 

आरपीएफ पतरातू पोस्ट के अनुसार बीते 23 मई की रात करीब 8 बजे पतरातु पॉइंट नंबर 305 के पास स्थित लोकेशन बॉक्स से 2X12 कोर सिग्नलिंग केबल काटकर चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में विभाग ने 24 मई को जॉइंट नोट तैयार किया।

शनिवार को छानबीन करने निकली आरपीएफ टीम जब पतरातु बस्ती की ओर से लौट रही थी। इस दौरान ईस्ट केबिन के पास तीन लोगों को जूट की बोरी में वजनी सामान ले जाते देखा गया। संदेह होने पर टीम ने तीनों को घेरकर पकड़ा। बोरी खोलने पर उसमें 3 टुकड़ों में करीब 20 मीटर रेलवे का सिग्नलिंग केबल मिला।

पूछताछ में तीनों ने कबूल किया कि पैसे के लालच में 23 मई की रात उन्होंने केबल काटकर पास के टूटे केबिन में छुपा दिया था। शनिवार दोपहर उसी केबल को बेचने के लिए ले जा रहे थे। आरोपियों के पास रेलवे संपत्ति ले जाने का कोई वैध कागजात नहीं था।

इस संबध में उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार की लिखित शिकायत पर कांड संख्या-05/2026 के तहत धारा-3 RP(UP) Act व 147 रेल अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि सिग्नलिंग केबल कटने से ट्रेन परिचालन में बड़ी बाधा आ सकती थी। 

By Admin

error: Content is protected !!