रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मिली गुप्त सूचना के आधार पर पतरातू पुलिस ने छापेमारी कर राहुल दुबे गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को  गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, तीन मोटरसाइकिल और छह एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 25 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। 

पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। जिसमें विकास साव, विशाल कुमार, बिटु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन, एहतेसाम अंसारी उर्फ दुलर्भ और एक नाबालिग किशोर को पकड़ा गया। सभी आरोपी पतरातु, रामगढ़ और चतरा जिले के रहने वाले हैं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, बाइक और एंड्रॉयड फोन जब्त किए गए हैं। 

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने राहुल दुबे के इशारे पर पतरातु के रेलवे फ्लाई ओवर ब्रिज गेट, ओसम डेयरी प्लांट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में गोलीबारी कांड की बात स्वीकार की है। 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास साव पर ATS और बेड़ो थाना में मामले दर्ज हैं। वहीं दिगम्बर प्रजापति पर UAPA सहित 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिटु कुमार रवि पर भी रामगढ़ थाना में आर्म्स एक्ट का केस है।सभी आरोपियों के खिलाफ पतरातु थाना कांड संख्या 126/26 में BNS और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। 6 बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है।

छापामारी दल में एसडीपीओ पतरातू राघवेन्द्र शर्मा, पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, बरकाकाना ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, तकनीकी शाखा के मो. नौशाद, लालू सोरेन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!