रामगढ़: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर उपायुक्त ऋतुराज ने रविवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है तथा इससे अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
बताया जाता है कि जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। रथ के जरिए लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान, इससे बचाव के उपाय तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।
वहीं जागरूकता कार्यक्रम के तहत साहियाओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। जिसके माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों को तंबाकू सेवन छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
मौके पर सिविल सर्जन प्रभारी डॉ. स्वराज, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ. तूलिका रानी, एनडीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
