• समाहरणालय में सहायता केंद्र का किया उद्घाटन, राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा की

• अवैध खनन-परिवहन पर रोक लगाने को लेकर दिए सख्त निर्देश

• मानसून से पहले नगर परिषद को नालियों की सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश

रामगढ़: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया गया। उनके आगमन पर सर्वप्रथम सर्किट हाउस में उन्हें जिला प्रशासन की ओर से ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। वहीं उपायुक्त ऋतुराज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आयुक्त का स्वागत किया। यहां से आयुक्त समाहरणालय (ब्लॉक-ए) पहुंचे। जहां उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा और उनकी समस्याओं के त्वरित मार्गदर्शन हेतु नवनिर्मित सहायता केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। अवसर पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने समाहरणालय स्थित जन शिकायत कोषांग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वहां मौजूद एक लाभुक से सीधे बातचीत की और फीडबैक लिया। 

इसके उपरांत समाहरणालय सभाकक्ष में आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में राजस्व समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को पंजी-2 के भौतिक और डिजिटल संरक्षण को लेकर कई दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन पंजी के रख-रखाव और तकनीकी सुधार के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा किए। इसके साथ ही राजस्व संसाधन और राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा की गई। भूमि संबंधी अनियमितताओं पर उन्होंने अवैध जमाबंदी को रद्द करने के लंबित मामलों की समीक्षा की और इसमें तेजी लाने को कहा। साथ ही, सरकारी जमीनों पर से अतिक्रमण हटाने और नए अतिक्रमण पर पूर्णतः रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए।

इस दौरान खनन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन को हर हाल में रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने विभाग द्वारा अब तक दर्ज की गई प्राथमिकियों और की गई दंडात्मक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली और टास्क फोर्स को अधिक सक्रिय करने को कहा। वहीं शराब की अवैध बिक्री, तस्करी और मिलावटखोरी के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने राजस्व संग्रह बढ़ाने और अवैध ठिकानों पर निरंतर छापेमारी करने की बात कही।

आगामी मौसम (मानसून) को देखते हुए जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद को शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही नगर निकाय क्षेत्र में राजस्व संग्रहण के लक्ष्यों को ससमय पूरा करने की निर्देश दी गई। इसके साथ ही परिवहन विभाग को नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से स्कूल बसों की सुरक्षा और फिटनेस की जांच करने तथा एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने रामगढ़ जिले की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने जिले की ऐतिहासिक धरोहरों को अक्षुण्ण रखने, उन्हें नुकसान से बचाने तथा उनके संरक्षण व संवर्धन हेतु जिला प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और एक कार्ययोजना बनाने की बात कही।

बैठक के अंत में उपायुक्त ऋतुराज ने आयुक्त द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों और सुझावों को पूरी गंभीरता से आत्मसात करते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेगा और जिले में विकास कार्यों और राजस्व संग्रहण की गति को और तेज किया जाएगा।

By Admin

error: Content is protected !!