गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी पुलिस ने सोमवार को रेलीगढ़ा स्थित राजकीय नारायण सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया। अवसर पर गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की अगुवाई में स्कूली बच्चों को भारतीय न्याय संहिता की मूलभूत जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का अनुपालन, आपातकालीन स्थिति में डायल 112 का उपयोग और साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। वहीं डायन प्रथा, बाल विवाह, मानव तस्करी, मॉबलिंचिंग जैसे अपराधों पर कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि विद्यार्थी देश और समाज का भविष्य हैं। बदलते परिवेश में विद्यार्थी को शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान भी जरूर होना चाहिए। अपराध की रोकथाम और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सभी को सजग होने की जरूरत है। मौके पर गिद्दी थाना के पुलिस कर्मी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
