• हत्याकांड में कुल 10 नामजद लोगों पर दर्ज हुई है प्राथमिकी
रामगढ़: मांडू थाना अंतर्गत हुआग में हुए सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल हत्याकांड में पुलिस ने बुधवार को सात आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हत्याकांड में शामिल एक अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि दो अन्य नामजद लोगों की संलिप्तता को लेकर अनुसंधान किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस किया। जिसमें उन्होंने बताया कि 30 जून को सूचना मिली कि हुआग में 11 बीघा जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों ने मारपीट की है। घायल व्यक्ति की पहचान बालेश्वर पटेल, पिता ननकू महतो, निवासी रबोध, थाना माण्डू, जिला रामगढ़ के रूप में हुई। वे वर्तमान में गिरिडीह जिला रजिस्ट्री कार्यालय में सब-रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थापित थे।
सूचना मिलते ही माण्डू थाना पुलिस ने घायल को तत्काल होप हॉस्पीटल रामगढ़ पहुंचाया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी के आवेदन पर माण्डू थाना में काण्ड संख्या -151/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। FSL रांची की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। मानवीय सूचना, स्थानीय लोगों से पूछताछ और वीडियो फुटेज के आधार पर छापेमारी कर अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामला अनुसंधान में है।कार्रवाई में मांडू अंचल पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, मांडू थाना प्रभारी सदानन्द कुमार, ओपी प्रभारी वेस्ट बोकारो दीपक कुमार, ओपी प्रभारी कुजू आशुतोष कुमार सिंह सदलबल शामिल थे।
हत्याकांड में इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में एक ही परिवार के रामू साव उर्फ ज्ञानी (72 वर्ष) पिता स्व. चन्दन साव, संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम (35 वर्ष) पिता रामू साव, शकुन्तला देवी (60 वर्ष) पति रामू साव, रूबी कुमारी पति संतोष कुमार साव (सभी हुआग थाना मांडू निवासी) उनके रिश्तेदार विनय कुमार (24 वर्ष) पिता नन्दु प्रसाद, निवासी पत्थरा, थाना मयूरहंड, जिला चतरा, पूजा कुमारी (36 वर्ष) पति संदीप कुमार, निवासी सुभाष कॉलोनी, मानगो, जिला जमशेदपुर और लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी (25 वर्ष) पति बसंत अग्रवाल, निवासी बगदारा, कानाटाँड, जिला धनबाद शामिल हैं। जबकि पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा ईंट का टुकड़ा और खून लगा बांस का डंडा जब्त किया है।
