रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो (भुइयांडीह) में लोकतांत्रिक तरीके से सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद का चुनाव बुधवार को संपन्न हुआ। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी के मार्गदर्शन में 30 जून को शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया 1 जुलाई को मतदान के साथ पूरी हुई। चुनाव में हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन बालक एवं बालिका तथा वाइस स्पोर्ट्स कैप्टन बालक एवं बालिका पदों के लिए चुनाव कराए गए। इन पदों के लिए कक्षा 8वीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी दावेदारी पेश की।

चुनाव प्रक्रिया में कक्षा 3 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। मतदान के उपरांत मतगणना कार्य पूरा किया। बताया जाता है कि चयनित प्रतिनिधियों के नामों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। चुनाव के सफल आयोजन हेतु मतदान व्यवस्था, मतगणना, फोटोग्राफी एवं प्रलेखन, मंच संचालन, परिणाम सत्यापन और मीडिया समन्वय जैसी विभिन्न समितियों का गठन किया गया। संपूर्ण प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराया गया।

अवसर पर प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि छात्र परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व, उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी विद्यार्थियों को भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि चयनित छात्र प्रतिनिधि विद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

By Admin

error: Content is protected !!