छात्राओं से किया सीधा संवाद, विज्ञान की कक्षा ली

चतरा: उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को लावालौंग प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनके पठन-पाठन, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कक्षा 10वीं की छात्राओं के साथ संवाद करते हुए विज्ञान विषय से संबंधित महत्वपूर्ण अवधारणाओं पर चर्चा की तथा उन्हें विज्ञान विषय की विशेष कक्षा भी दी। उन्होंने छात्राओं को जिज्ञासु एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।

उपायुक्त ने विद्यालय के साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, रसोईघर (किचन), चिल्ड्रेन पार्क, छात्रावास परिसर एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। साथ ही छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं के दृष्टिकोण से खैबा बंदारू का निरीक्षण किया। वहीं लौटने के क्रम में उन्होंने चतरा प्रखंड क्षेत्र स्थित मेघालिथ स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को स्थल के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं पर्यटन की दृष्टि से संभावनाओं का विस्तृत आकलन कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा एवं पर्यटन दोनों ही जिले के समग्र विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ जिले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों का समुचित विकास कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी लावालौंग बिपिन भारती, जिला जनसंपर्क कार्यालय से सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सह सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर शशिकांत कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!