आपातकालीन सेवा के तहत प्राप्त शिकायतों पर 10 मिनट के अंदर पहुंचे पुलिस : एसपी 

रामगढ़: जिले में कानून व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने की। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सभी अंचल निरीक्षक, थाना और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में सबसे पहले जून माह में दर्ज और निष्पादित किए गए विशेष और सामान्य मामलों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने जुलाई में दर्ज मामलों की तुलना में अधिक मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया। साथ ही बलात्कार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों को 60 दिनों के अंदर हर हाल में निष्पादित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने 2, 3 और 5 साल से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार कर कारण सहित त्वरित निष्पादन का आदेश दिया। उन्होंने संगठित आपराधिक गिरोहों पर नजर रखने और जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने की बात कही। वारंट, कुर्की और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

नागरिक सुविधाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पासपोर्ट सत्यापन 5 दिन में पूरा कर वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। आपातकालीन सेवा के तहत आने वाली शिकायतों पर 10 मिनट के अंदर पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। लोक शिकायत पोर्टल पर आए आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई के मामलों, संपत्ति संबंधी अपराधों, अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामलों और साइबर अपराधों की भी समीक्षा हुई। मालखाना की स्थिति, साक्ष्य संकलन के लिए ई-साक्ष्य एप के उपयोग और गंभीर मामलों में फोरेंसिक जांच की प्रगति पर चर्चा हुई। सड़क दुर्घटना से संबंधित डाटा एंट्री, वाहन चेकिंग अभियान, अवैध खनन और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।

वहीं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगामी रथ यात्रा और श्रावणी मेला को लेकर भी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से बेहतर व्यवहार करने का भी सख्त निर्देश दिया। 

पुलिस सभा में एसपी ने सुनी पुलिस कर्मियों की समस्याएं

अपराध गोष्ठी के उपरांत कार्यालय के सभागार में पुलिस सभा का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सभी वर्ग के पुलिस कर्मियों की समस्यायों को गंभीरतापूर्वक सुना और  समाधान हेतु संबंधित शाखाओं और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

पुलिस सभा में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी अंचल निरीक्षक, थाना/ओपी प्रभारी, शाखा प्रभारी, पुलिस मेंस एसोसिएशन व पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी, आरक्षी और चतुर्थवर्गीय कर्मी उपस्थित रहे। 

 

By Admin

error: Content is protected !!