मांडू(रामगढ़): अवैध रूप से डोडा तस्करी के एक मामले में एक साल से फरार चल रहे अभियुक्त को मांडू थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बीते वर्ष 12 जून को मांडू पुलिस ने अवैध डोडा लदे ट्रक को जब्त किया था और तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा था। वहीं डोडा आपूर्ति करनेवाला अभियुक्त कमल किशोर महतो उर्फ कमल महतो पिता परीक्षित महतो, निवासी नावागढ़, बाबूरामडीह, थाना तमाड़, जिला रांची फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी।
इधर, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगभग एक वर्ष बाद फरार अभियुक्त आखिर मांडू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने डोडा तस्करी के संबंध में पूछताछ करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके साथ ही अभियुक्त के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस डोडा तस्करी इस श्रृंखला में संलिप्त अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।
