सांसद मनीष जायसवाल ने ऑफिसर्स क्लब में की प्रेसवार्ता 

• सांसद ने कहा-  सीसीएल में वर्षों से बसे परिवारों को बेघर नहीं होने देंगे 

भुरकुंडा (रामगढ़): गिद्दी-भुरकुंडा दामोदर पुल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है और इसके लेकर टेंडर भी जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही पुल को लेकर श्रेय लेने की होड़ भी मच गई है। इन लोगों को अपने कार्यकाल की नाकामियों का श्रेय भी लेना चाहिए। इन्हें अपने समय में ही भदानीनगर की बंद इंडो-आसाही ग्लास फैक्ट्री खुलवा देना चाहिए था और भुरकुंडा में बंद केंद्रीय विद्यालय को भी पुनः स्थापित करा देना चाहिए था। यह बातें हजारीबाग लोकसभा के सांसद मनीष जायसवाल ने रिवर साइड स्थित ऑफिसर्स क्लब में रविवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही।

भुरकुंडा कोयलांचल के सघन दौरे पर निकले सांसद मनीष जायसवाल ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि दामोदर पुल निर्माण को लेकर टेंडर हो गया है। स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड ने टेंडर जारी किया है, जबकि डिपोजिट जमा करने का काम सीसीएल के द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण का श्रेय पुल को लेकर एक अरसे से आंदोलन कर रही जनता और खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करनेवाले पत्रकारों को दिया जाना चाहिए। हमारे साथ-साथ यहां के विधायक और अन्य चुने हुए जन-प्रतिनिधियों ने इस मांग को निरंतर उठाया है और दबाव भी बनाया है। इधर, टेंडर निकलते ही पुल को राजनीति का अखाड़ा बनाया जा रहा है। सांसद ने कहा कि मैं पिछले दो वर्षों से सांसद हूं और गिद्दी पुल की स्थिति काफी पहले से खराब थी। पुल निर्माण को लेकर जनता काफी समय से मांग कर रही थी। जो लोग आज श्रेय लेने की होड़ में लगे हैं, उन्हें अपने कार्यकाल में ही इसे बनवा देना चाहिए था।  

सांसद ने कहा कि भदानीनगर का ग्लास फैक्ट्री वर्षों से बंद है, भुरकुंडा केंद्रीय विद्यालय वर्षों पहले यहां से बंद कर स्थानांतरित कर दिया गया। हम लोग इस दिशा में भी निरंतर लगे हुए हैं। केंद्रीय विद्यालय भुरकुंडा में स्थापित होने से क्षेत्र के हजारों बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। श्रेय लेने की होड़ में लगे हुए हैं लोगों को इन नाकामियों का भी श्रेय जरूर लेना चाहिए। 

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान खबरसेल की ओर से पूछे गए एक सवाल पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सीसीएल ने बाहर से आए लोगों को बसाया है। तीन जेनरेशन से यहां लोग बसे हुए हैं। सौंदा ‘डी’ के लोगों को प्रबंधन द्वारा दिए जा रहे नोटिस पर हमलोग निरंतर मंत्रालय से बात कर रहे हैं। कोयला देश‌ के लिए महत्वपूर्ण है, पर हमारे लोगों से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। हम मांग कर रहे हैं वर्षों से यहां रहे परिवारों को उजाड़ने से पहले बसाया जाए। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि असाम में चाय बगानों में काम करते लोगों के लिए केंद्र सरकार आवास बनाकर दे रही है। इसी तर्ज पर हम लोग भी मांग कर रहे हैं कि इसी प्रकार से सीसीएल क्षेत्र में रह रहे लोगों को भी बसाया जाए। सीसीएल से भी बातचीत चल रही है। यहां के लोगों को हटाकर सीसीएल इतनी आसानी से बात को निबटा देगी यह संभव नहीं है। सीसीएल जबतक व्यवस्था देगी नहीं, तब तक हमलोग हिलने भी नहीं देंगे।

मौके पर हजारीबाग सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, योगेश दांगी, सतीश मोहन मिश्रा, रंजीत पांडेय, राजीव जायसवाल, अशोक सोनी, विजय जायसवाल, जय प्रकाश पांडेय, काला बाबू, पुरूषोत्तम पांडेय, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य उपस्थित थे। 

By Admin

error: Content is protected !!