जनहित में प्रभावी सूचनाओं के प्रसार हेतु दिए दिशा-निर्देश 

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था, सोशल मीडिया संचालन, प्रेस विज्ञप्तियों के निर्गमन, डिजिटल संचार व्यवस्था तथा जनसंपर्क गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर अधिकारियों एवं कर्मियों से उनके दायित्वों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी समयबद्ध, तथ्यपरक एवं प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों, मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्तियों की गुणवत्ता, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी संचालन, फोटो एवं वीडियो डॉक्यूमेंटेशन, जन-जागरूकता अभियानों तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं के समन्वय की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को और अधिक सक्रिय एवं जनोन्मुख बनाने, गुणवत्तापूर्ण फोटो एवं वीडियो सामग्री तैयार करने, महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का नियमित दस्तावेजीकरण करने तथा नवाचारों एवं सफलता की कहानियों को प्राथमिकता के साथ प्रचारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालय में समयबद्ध कार्य निष्पादन, अनुशासन, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, आधुनिक और परिणामोन्मुख बनाने पर बल देते हुए कहा कि सूचना का त्वरित एवं विश्वसनीय प्रसार सुशासन की आधारशिला है और इस दिशा में जिला जनसंपर्क कार्यालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

By Admin

error: Content is protected !!