पतरातू (रामगढ़): पतरातू डैम में कटवाकोचा घाट के निकट रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। डैम में डूबती युवती को बचाने के दौरान उसके साथी युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अश्विनी रंजन, निवासी मगडीहा, प्रखंड जमुआ, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है। वह अपने तीन साथियों (दो युवक और एक युवती) के साथ रांची से पतरातू घाटी और डैम घूमने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों दोस्त डैम के गहरे पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद विस्थापित नाविक युवा संघर्ष समिति के सदस्यों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से मना किया और बाहर आने की चेतावनी दी। लेकिन उन्होंने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया। शाम करीब 5:30 बजे अचानक युवती गहरे पानी में डूबने लगी। उसे डूबता देख अश्वनी तुरंत उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। काफी संघर्ष के बाद उसने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही विस्थापित नाविक युवा संघर्ष समिति के सदस्य बचाव में जुट गए। करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। मौके पर ही लगभग 15 मिनट तक सीपीआर देकर उसकी सांसें लौटाने का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी पर पतरातू थाना के एसआई अर्जुन ठाकुर सदलबल पहुंचे। युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अंचल पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह और पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता सशस्त्र बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
प्रशासन की अपील
घटना के बाद प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि पतरातू डैम में निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। गहरे पानी में न उतरें और चेतावनी बोर्ड तथा स्थानीय लोगों की सलाह को गंभीरता से लें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
