आंदोलन में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील
भुरकुंडा (रामगढ़): सीसीएल की सौंदा ‘डी’ परियोजना कार्यालय के समक्ष मंगलवार को सौंदा ‘डी’ पंचायत बचाओ संघर्ष समिति धरना-प्रदर्शन करेगी। पंचायत क्षेत्र में माइनिंग को लेकर शुरू हुई गतिविधियों को देखते हुए धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। जिसके माध्यम से ग्राम सभा करने और आवासीय क्षेत्र को छोड़कर माइनिंग करने की मांग की जाएगी। वहीं धरना-प्रदर्शन के पूर्व सोमवार की शाम समिति ने पंचायत के सभी 11 वार्डों में डोर-टू-डोर जाकर आंदोलन में सहभागिता निभाने की अपील की। इसके साथ ही वाहन पर लाउडस्पीकर के माध्यम से भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आव्हान किया गया। देर शाम तक अभियान जारी रहा।
इस दौरान समिति अध्यक्ष सह पंचायत के मुखिया उपेंद्र शर्मा ने कहा कि सौंदा ‘डी’ परियोजना कार्यालय के समक्ष सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना ग्राम सभा किए पंचायत क्षेत्र में माइनिंग से संबंधित किसी प्रकार की गतिविधि का संवैधानिक रूप से पुरजोर विरोध किया जाएगा। पंचायत को किसी भी परिस्थिति में उजड़ने नहीं दिया जाएगा।
जनसंपर्क अभियान में समिति अध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा, सचिव संजय यादव, कोषाध्यक्ष राजगीरी चौधरी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, उप मुखिया संजय भारती, संतोष शर्मा, प्रवीण नायक, संजय कुमार, अरविंद ओझा, जोखु राम, रामवृक्ष, रामपुकार, सोनू खान, सुरेश महतो, संतोष रजक, सूदामा प्रसाद, सैय्यद, बब्लु सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
