रिपोर्ट- एस अंसारी 

रांची: झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें सूबे की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। 

बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए  मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गांव और पंचायत स्तर को केंद्र में रखते हुए कार्ययोजना के साथ प्रभावी ढंग से आगे बढ़ने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने बीज वितरण, झारखंड मिलेट मिशन, किसान पाठशाला, किसान समृद्धि योजना अंतर्गत सोलर पंप सेट, पशुधन योजना, उद्यान क्षेत्र में फोकस, दलहन एवं तिलहन की खेती को प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ एल नीनो के संभावित प्रभावों का आंकलन करने जैसे भी कई दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कृषि विभाग के अंतर्गत सभी निदेशालय आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियों को मजबूत करने का काम करें। विभाग को यह भी निर्देश दिया कि रेन शैडो एरिया के लिए अलग टीम गठित कर वहां दलहन एवं तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की कार्ययोजना पर विशेष रूप से काम करें। पशुपालन निदेशालय को भी अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव लाते हुए बड़े लक्ष्य के साथ कार्ययोजना तैयार करने और ऐसी पहल करने को कहा जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में हमने अच्छी प्रगति की है, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। हमारी प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और खेती-किसानी को अधिक सशक्त, टिकाऊ एवं लाभकारी बनाया जाए।

By Admin

error: Content is protected !!