रांची: मौसम विभाग ने रविवार को झारखंड में मौसम करवट लेने की संभावना जताई है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज सतही हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विभाग के अनुसार रांची, बोकारो, खूंटी, देवघर, धनबाद, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, लातेहार, रामगढ़ और लोहरदगा* में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी वर्षा की भी संभावना है।
राजधानी रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आम लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा है। किसानों और वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
