तीन दिनों का अल्टिमेटम, हटाया जाएगा अतिक्रमण
रिपोर्ट- एस. अंसारी
रांची: शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक केंद्र अपर बाजार को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अभियान शुरू कर दिया है। नियमों का उल्लंघन कर चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सड़कों पर कब्जा करने वाले दुकानदारों पर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार अभियान के पहले चरण में बिना स्वीकृत नक्शे के संचालित भवनों और अनधिकृत पार्किंग के कारण यातायात बाधित करने वाले संस्थानों को चिह्नित किया गया है। इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ ट्रेड लाइसेंस निरस्त करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
तीन दिनों का अल्टीमेटम
नगर निगम ने भवन स्वामियों और व्यवसायियों को नोटिस जारी कर तीन दिनों की मोहलत दी है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि तय समय के भीतर स्वयं प्रतिष्ठान का संचालन बंद कर दें। यदि निर्धारित अवधि के बाद भी नियमों का उल्लंघन हुआ तो निगम की टीम भवन को सील कर देगी। इस दौरान होने वाले नुकसान की जवाबदेही संबंधित व्यवसायी की होगी।
यातायात व्यवस्था सुधारना लक्ष्य
नगर निगम का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अपर बाजार में रोज लगने वाले भीषण जाम से आम लोगों को राहत दिलाना है। अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक गतिविधियों को नियमानुसार संचालित कराना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बताते चलें कि हाल में निगम ने अपर बाजार की रंगरेज गली से 7 अवैध अस्थायी संरचनाओं को हटाया था। इसके अलावा बिना ट्रेड लाइसेंस चल रही दुकानों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
