विधायक रोशन लाल चौधरी ने दी श्रद्धांजलि
पतरातू (रामगढ़): पीटीपीएस पोस्ट ऑफिस के समीप शहीद निर्मल महतो स्मारक समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को शहीद निर्मल महतो का 39वां शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी सहित अन्य लोगों ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अवसर पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने पीवीयूएनएल के सामुदायिक विकास कार्य के तहत शहीद निर्मल महतो स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण का विधिवत लोकार्पण किया। साथ ही परिसर में पौधरोपण भी किया।
मौके पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि अमर शहीद निर्मल महतो जी झारखंड की अस्मिता, अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करने वाले महान जननेता थे। उन्होंने अपना जीवन झारखंड और समाज के हितों के लिए समर्पित कर दिया। उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए हम सभी को उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाजहित में काम करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह कटिया बस्ती पंचायत के मुखिया किशोर कुमार महतो ने की। जबकि मंच संचालन भाजपा युवा नेता गणेश कुमार ठाकुर ने किया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि राधेश्याम अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य राजाराम प्रजापति, पीवीयूएनएल के सीजीएम मनीष खेतरपाल, जीएम बीडी दास, एचओएचआर जियाउर रहमान सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजन भगत ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
