भुरकुंडा (रामगढ़): महाकाल कांवरिया संघ के बैनर तले भुरकुंडा से दर्जनों कावंरिये रविवार को बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। इससे पूर्व डीजे के साथ सभी नाचते-झूमते थाना चौक स्थित काली मंदिर परिसर पहुंचे। जहां कांवरियों ने मां काली का दर्शन कर मंगल कामना की। यहां से भुरकुंडा मेन रोड पर नाचते-झूमते और “बोल बम” का उद्घोष करते निकले। जगह-जगह पटाखे फोड़ स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ कांवरियों को यात्रा की मंगलकामनाओं के साथ विदाई दी। इस दौरान भुरकुंडा मेन सहित आसपास का क्षेत्र भोलेनाथ के भक्तिगीतों से गूंजायमान रहा।
बताया जाता है कि सात वाहनों पर 90 से अधिक कांवरियें बाबा धाम के लिए रवाना हुए हैं। जत्था पहले सुल्तानगंज पहुंचेगा, जहां उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए देवघर स्थित बाबा की नगरी बैद्यनाथ धाम पहुंचेगा। यहां कांवरिये बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके उपरांत बासुकीनाथ धाम और तारापीठ पहुंचकर दर्शन-पूजन की जाएगी। इसके अलावा अन्य धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर कांवरियों का जत्था वापस भुरकुंडा लौटेगा।
कांवरियों में शामिल राजेश साव, सन्नी लाल, अमित साव, अशोक गुप्ता, किशोर कुमार, अमित साहू, अनिकेत केसरी, आलोक लाल, पिंटू साव, अमन, बादल, अयोध्या साव, पीयूष केसरी, रमन कुमार, गोपाल, अशोक गुप्ता, शंकर साव, शंकर केसरी, हीरा देवी, जमुना देवी, जानकी देवी, रूबी देवी, सुनीता देवी, नमिता देवी मनोज सहित कई महिला-पुरुष और बच्चे शामिल रहे।
