रांची: JPSC और JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ आंदोलन करते छात्रों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज की चहुंओर निंदा हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस बल के प्रयोग पर प्रतिक्रिया देते हुए लाठीचार्ज की निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है और उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस तरह की कार्रवाई का समर्थन नहीं करती।कहा कि छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान निकालने की कोशिश होनी चाहिए। राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
