रांची: विधानसभा मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार 11 अगस्त को झारखंड बंद बुलाया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि बंद सुबह 8 बजे से शुरू होगा। इस दौरान एंबुलेंस, दवा दुकान, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। सावन में निकल रहे कांवरियों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 17 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र धरने पर बैठे थे। वे 14वीं जेपीएससी पीटी के साथ बीते सात साल की सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई से जांच की मांग कर रहे थे। सोमवार को विधानसभा की ओर कूच के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी बरसाई।
वहीं बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभ्यर्थियों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की नौकरियां बेची जा रही हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। सरकार ने प्रदर्शन की जगह टेंट तक लगाने की इजाजत नहीं दी। जांच के लिए सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक को जिम्मेदारी दी गई, लेकिन पूरी प्रक्रिया को दबाने की कोशिश की गई। नेताओं ने कहा कि आंदोलन करते छात्रों पर दमन के खिलाफ जनता को साथ आना होगा, इसलिए बंद का निर्णय लिया गया है।
