रामगढ़: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कमेटी द्वारा बुलाए गए बंद का रामगढ़ शहर में मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह नौ बजे भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और आवागमन बाधित कर दिया। जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला के नेतृत्व में रामगढ़ शहर के सुभाष चौक के आसपास जेसीबी और बैरिकेडिंग से सड़क जाम कर दिया। मेन रोड पर वाहनों की कतार लग गई।हालांकि आकस्मिक सेवा में लगे वाहनों का आवागमन सामान्य रहा। दुपहिया वाहनों का भी आना-जाना लगा रहा।

वहीं झारखंड बंद को लेकर सुभाष चौक पर पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाने बुझाने का भी प्रयास किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ नारेबाजी करते रहे। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। तकरीबन तीन घंटे सड़क जाम रखा गया। 

जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला ने कहा कि रांची में आंदोलनकारी छात्रों पर राज्य सरकार ने लाठीचार्ज कराया है। यह छात्रों की मांग और उनकी आवाज को दबाने का कुंठित प्रयास है। यह हेमंत सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। भाजपा ने झारखंड राज्य गठन किया है। यहां गोली-लाठी की सरकार नहीं चलने दिया जाएगा। 

विरोध प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू, प्रो. संजय सिंह, राजू चतुर्वेदी, रंजन सिंह, शिवकुमार महतो, ऋषिकेश सिंह, राजेश ठाकुर, पिंटू सोनी सहित अन्य शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!