रिपोर्ट- शकील अंसारी
रांची: खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम (MMDR) संशोधन विधेयक के खिलाफ गुरुवार को वाम दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राजधानी के भाकपा राज्य कार्यालय में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी साझा की गई। प्रेस वार्ता में भाकपा माले राज्य सचिव मनोज भक्त, सीपीआई (एम) राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, एटक महासचिव अशोक यादव, भाकपा राज्य सचिव महेंद्र पाठक, एसयूसीआई (सी) मिंटू पासवान सहित अन्य मौजूद रहे।
वाम दलों ने कहा कि यह कानून झारखंड के आर्थिक हितों और राज्य के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। इससे राज्य की आय कम कम होगी और राज्य सरकार द्वारा जनहित में चलाई जानेवाली योजनाएं प्रभावित होंगी। सामाजिक कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विकास की कई योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसे लेकर आगामी 25 अगस्त से 31 अगस्त तक विधेयक की प्रति जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ राज्य भर के शहर और गांव में सभाएं कर आम लोगों को इस कानून के संभावित प्रभाव से अवगत कराया जाएगा। कहा गया कि आगे जरूरत पड़ने पर व्यापक रूप से आंदोलन भी किया जाएगा।
वहीं वाम दलों के नेताओं ने झारखंड हित से जुड़े इस मुद्दे पर विभिन्न राजनैतिक दलों, किसान संगठनों, श्रमिक संगठनों से भी आंदोलन में साथ आने की अपील की है।
