रांची: आगामी दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी में तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। इस क्रम में गुरुवार को कला संगम दुर्गा पूजा समिति ढिबरी पट्टी, अपर बाजार के द्वारा पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन और खूंटी पूजन किया। कार्यक्रम में समिति के कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। मंत्रोच्चार और मां दुर्गा के जयघोष के बीच पूजा-अर्चना की गई तथा आगामी दुर्गा पूजा को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही समिति के सदस्यों ने “दुर्गे दुर्गे दुर्गतिनाशिनी, महिषासुर मर्दिनी, जय मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
भूमिपूजन और खूंटीपूजन के साथ ही कला संगम दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष के दुर्गोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पूजा आयोजन को आकर्षक और सुचारु बनाने की दिशा में आगे की तैयारियां शुरू की जाएंगी।
