| रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मनाया शिक्षक दिवस |
मांडर (रांची): कंदरी मोड़ स्थित ऑक्सब्रिज स्कूल मांडर में शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

समारोह का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन और वरिष्ठ शिक्षकों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
सीनियर विंग के छात्र-छात्राओं ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक की भूमिका सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। शिक्षक जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं, जो विषयों का ज्ञान देने के साथ-साथ सही निर्णय लेना, गलतियों को सुधारना और कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना सिखाते हैं।
इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और भाषणों से सजे कार्यक्रम ने पूरे परिसर को जीवंत कर दिया। बच्चों की प्रतिभा देखकर शिक्षक गदगद हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ धन्यवाद ज्ञापन के बाद समारोह का समापन हुआ।
