रांची: राजधानी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर दो दिन यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। अल्बर्ट एक्का चौक पर 4 सितंबर को जन्माष्टमी की झांकी और 5 सितंबर को भजन संध्या सह दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है।
जानकारी के अनुसार 4 और 5 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर के भीतर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इन वाहनों को रिंग रोड होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। शहर की सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था भी इन दोनों दिन लागू रहेगी। वहीं फिरायालाल चौक से सुजाता चौक, प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक, जेल चौक से फिरायालाल चौक, मिशन चौक से सर्जना चौक और रतन पीपी से फिरायालाल चौक की ओर जाने वाले रास्तों पर छोटे-बड़े मालवाहक, ऑटो और सवारी गाड़ियों को नहीं जाने दिया जाएगा।
दोपहर 3 बजे के बाद रहेगा अतिरिक्त प्रतिबंध
दोनों दिन दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कर्बला चौक से काली मंदिर और उर्दू लाइब्रेरी होते हुए उल्ल हाउस की ओर आने-जाने वाले मार्ग पर भी मालवाहक, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। भीड़ छंटने के बाद ही रूट सामान्य होगा।
झांकी के साथ मूव करेगा ट्रैफिक
4 सितंबर को निकलने वाली झांकी के कारण रतन पीपी, उल्ल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी कटिंग, काली मंदिर चौक, सर्जना चौक, सदर अस्पताल गेट, मिशन चौक, प्लाजा चौक, सेंटेविटा अस्पताल कटिंग और फिरायालाल चौक के आसपास यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। झांकी जिधर से गुजरेगी, उधर कुछ देर के लिए ट्रैफिक होल्ड रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि लोग भीड़ वाले जोन में बिना जरूरत चारपहिया लेकर न निकलें। भीड़ बढ़ने पर किसी भी अन्य मार्ग पर तत्काल डायवर्जन लागू किया जा सकता है, इसलिए घर से निकलने से पहले रूट जरूर चेक कर लें।
