रांची:  छात्रों के मुद्दों पर आंदोलन कर रहे देवेंद्रनाथ महतो ने गुरुवार को रांची में शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने आंदोलन आगे भी जारी रखने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन शुरू होने के बाद से उन्होंने राज्य के 24 जिलों का दौरा किया है। इस दौरान आंदोलन को छात्रों और युवाओं ने भरपूर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जिलों की यात्रा के दौरान छात्रों से बातचीत में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार से जुड़ी समस्याएं लगभग सभी जिलों में समान रूप से सामने आईं। 24 जिलों के दौरे से छात्रों की वास्तविक समस्याओं को करीब से समझने का अवसर मिला।

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि यात्रा के दौरान मिला सम्मान, समर्थन और आशीर्वाद किसी व्यक्ति विशेष के प्रति नहीं, बल्कि व्यवस्था में सुधार की लड़ाई के प्रति लोगों की भावना है। आंदोलन के परिणामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई की गई है, जिनमें 22 परीक्षाएं रद्द की गईं, 17 मामलों की जांच चल रही है, जबकि 6 मामले अदालत में हैं।