रांची: आजसू पार्टी ने रांची जिले में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही जन-समस्याओं पर राज्य सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने की रणनीति बनाई गई है। हरमू स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में बुधवार को हुई जिला कार्यसमिति की बैठक में नवंबर महीने के भीतर सभी प्रखंडों में संगठनात्मक सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन सम्मेलनों के जरिए मुख्य संगठन के साथ युवा, छात्र और महिला इकाइयों का भी पुनर्गठन किया जाएगा।

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो की मौजूदगी में हुई बैठक में युवाओं को संगठन में अधिक जिम्मेदारी देने और पंचायत स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया। महतो ने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर ही जनता की अपेक्षाओं को पूरा किया जा सकता है। पार्टी झारखंड में एक मजबूत और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका स्थापित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है और इसी के बल पर जनता के बीच विश्वास कायम किया जा सकता है।
बैठक में रांची जिले की स्थानीय समस्याओं को लेकर आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई। प्रखंड और अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतों, नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की स्थिति को लेकर पार्टी ने सरकार को घेरने का फैसला किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों के अनुरूप राज्य में विकास नहीं हो रहा है और इसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है। प्रखंड और अंचल कार्यालयों में लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि नगर निगम की कार्यप्रणाली से भी शहरवासी परेशान हैं।
दुर्गापूजा के दौरान ट्रैफिक चालान के नाम पर शहरवासियों से करोड़ों रुपये वसूले जाने का मुद्दा भी बैठक में उठा। पार्टी नेताओं का कहना था कि पर्याप्त यातायात व्यवस्था के अभाव में लोगों को परेशानी हुई, जबकि चालान काटने में सख्ती दिखाई गई। दीपावली और छठ के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। इस मामले में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।

सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन और अलग राज्य के निर्माण में आजसू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब पार्टी की प्राथमिकता राज्य के युवाओं, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और गरीबों तक विकास का लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को हर गांव और हर पंचायत तक पहुंचना होगा, तभी जनता की समस्याओं का सही समाधान हो सकेगा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य संजय महतो ने की, जबकि संचालन कार्यकारी अध्यक्ष हाकिम अंसारी ने किया। केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि सभी प्रखंडों में सम्मेलन आयोजित करने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। बैठक में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता और पार्वती देवी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, उपाध्यक्ष वीणा देवी समेत जिला, महानगर और विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा पार्टी की अनुषंगी इकाइयों के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।

