मांडर (रांची): मांडर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क में बढ़ोतरी के खिलाफ बुधवार को ट्रक मालिकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान रांची जाने वाली सड़क की एक लेन पर आवागमन रोक जमकर नारेबाजी की गई। पुलिस के हस्तक्षेप और टोल प्रबंधन से बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

ट्रक मालिकों के मुताबिक स्थानीय वाहनों से पहले 50 रुपये आने और 50 रुपये जाने का शुल्क लिया जाता था। अब इसे बढ़ाकर 100-100 रुपये कर दिया गया है। वहीं टर्बो वाहनों पर 30 से 50 रुपये तक लगने वाला शुल्क बढ़ाकर 300 रुपये किए जाने का आरोप है। मालिकों ने इसे अनुचित बताते हुए पुरानी दरें लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि अचानक इतनी बड़ी बढ़ोतरी से वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है और इसका सीधा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने इस संबंध में पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। 16 अगस्त को मेकलुस्कीगंज में हुई बैठक में भी बढ़ी हुई दरों के खिलाफ आंदोलन का निर्णय लिया गया था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के बाद टोल मैनेजर अमरजीत ने कंपनी के अधिकारियों से बात कर एक दिन में निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।


