सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया प्रखंड के डूडरा स्थित उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय में सोमवार को आठ कमरों का शिलान्यास किया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना के माध्यम से बननेवाले कमरों की आधारशिला झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने रखी। 

आठ नए कमरों के निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। नए भवन के निर्माण से न केवल कक्षाओं के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, बल्कि पुस्तकालय, प्रयोगशाला और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी जगह मिल सकेगी।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा, “मेरे कार्यकाल में इस विद्यालय को +2 का दर्जा दिया गया था, ताकि क्षेत्र के बच्चों को इंटर की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़े। आज विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या इस निर्णय की सार्थकता को साबित कर रही है। अतिरिक्त कमरों के निर्माण से बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना उनकी प्राथमिकता रही है और डूडरा जैसे विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आगे भी जारी रहेगा।

बताते चलें कि चंपाई सोरेन के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही इस विद्यालय को हाई स्कूल से +2 उच्च विद्यालय तक अपग्रेड किया गया था। अपग्रेडेशन के बाद विद्यालय में इंटरमीडिएट में नामांकन लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्तमान में कक्षाओं के संचालन के लिए उपलब्ध कमरे कम पड़ रहे थे, जिससे पठन-पाठन में कठिनाई हो रही थी।

 अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित थे।