भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड पर पर सीसीएल अस्पताल के निकट मंगलवार शाम बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान रामगढ़ सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सयाल मोड़ एमईसीएल निवासी सुमित्रा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सुमित्रा देवी मंगलवार शाम पैदल सीसीएल हॉस्पिटल से भुरकुंडा बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सौंदा डी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल भुरकुंडा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर भुरकुंडा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर फरार बाइक सवार की तलाश कर रही है।