चतरा: टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोगता की वाराणसी में हुई मुठभेड़ में मौत के विरोध में संगठन की ओर से 24 से 26 सितंबर तक सात जिलों में बंद का आह्वान किया गया है। बंद के मद्देनजर चतरा पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती और निगरानी तेज कर दी गई है।
संगठन की ओर से जारी कथित प्रेस विज्ञप्ति में चतरा के अलावा हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा और गुमला में तीन दिवसीय बंद की बात कही गई है। इसमें ब्रजेश गंझू की मुठभेड़ को फर्जी बताते हुए विरोध जताया गया है। बंद के आह्वान के बाद पुलिस की नजर विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों, बाजारों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर रहेगी।
पुलिस की कोशिश है कि बंद के दौरान आम लोगों का आवागमन और सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो। इसके साथ ही किसी तरह की हिंसक या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क रखा गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त भी कर रही है।
पुलिस की सक्रियता के बीच बंद का असर कितना रहेगा, यह 24 सितंबर को स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
ब्रजेश गंझू की मौत के बाद से चतरा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं। उसके अंतिम संस्कार के दौरान भी चतरा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
