रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सयाल में कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर उरीमारी-भुरकुंडा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मृतक की पहचान पारटांड़, सौंदा बस्ती निवासी पूर्व सीसीएल कर्मी गणेश मुंडा (68 वर्ष), पिता स्व. बाबड़ा मुंडा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गणेश मुंडा शाम तकरीबन 06:15 बजे बजाज डिस्कवर बाइक (JH 02 R 5513) पर सयाल से अपने घर सौंदा बस्ती जा रहे थे। इस क्रम में सयाल दोतल्ला के निकट उन्होंने आगे चल रहे कोयला लदे हाइवा (JH 02 AK 9033) को ओवरटेक किया। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात बुलेट बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिरे और तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गए। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बुलेट सवार मौके से फरार हो गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने हाइवा का पीछा कर पोड़ा गेट के पास उसे पकड़ लिया, जबकि हाइवा चालक भागने में सफल रहा। हाइवा को वापस घटनास्थल पर लाया गया। सूचना पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग करते हुए उरीमारी-भुरकुंडा सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते हैं। पिछली दुर्घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक नहीं बनाया गया। वहीं दुर्घटना की सूचना पर पहुंची भुरकुंडा पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी रही। रात लगभग 10:30 बजे मुआवजे पर सहमति बनी और सड़क जाम हटा लिया गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर ओपी ले आई। सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मृतक अपने पीछे पत्नी समेत भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।
