रांची: भारत-वेस्टइंडीज टी-20 को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त कर दी है। 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले मैच के लिए दोपहर 3 बजे से प्रवेश शुरू होगा। बिना टिकट लोगों को स्टेडियम के आसपास जुटने नहीं दिया जाएगा।

सोमवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की गई। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए स्टेडियम परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित विभागों और जेएससीए के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया।

दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतार में प्रवेश मिलेगा। इंट्री गेट खुलने से पहले पहुंचकर तय स्थान पर कतार में लगने की अपील की गई है। प्रतिबंधित सामान स्टेडियम में नहीं ले जाने को कहा गया है। दर्शकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

उपायुक्त ने कहा कि दर्शक सुरक्षा व्यवस्था के विपरीत कोई ऐसा काम न करें, जिससे प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़ें। उन्होंने लोगों से नियमों का पालन करते हुए मैच का आनंद लेने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है।

बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, एडीएम धनंजय, एसडीओ कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ट्रेनी आईएएस आस्था शरण शामिल रहे। वहीं, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद थे।