एनएच पर अवैध पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर लगेगा भारी जुर्माना
रामगढ़: समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की मौजूदगी में जिला परिवहन कार्यालय की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने अभियानों, ब्लैक स्पॉट चिह्निकरण, ट्रैफिक नियमों के अनुपालन और राजस्व संग्रह की जानकारी दी।
बैठक में “नो हेलमेट नो पेट्रोल” को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना हेलमेट वाले दोपहिया चालकों को किसी भी परिस्थिति में पेट्रोल-डीजल न दें। नियम तोड़ने वाले पंपों पर कार्रवाई होगी। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई। नहीं हटाने पर विशेष अभियान चलाकर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई होगी। इसके अलावा सभी बड़े मालवाहक वाहनों ट्रक, ट्रेलर, हाइवा पर पीछे रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाना अनिवार्य किया गया। रात में दुर्घटना रोकने के लिए जांच कर कार्रवाई होगी।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि मुख्य सड़कों और एनएच पर बिना कारण खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं दुर्घटनाओं का विश्लेषण करते हुए उन्होंने सभी ब्लैक स्पॉट पर साइनेज, ब्लिंकर लाइट, स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने का निर्देश दिया। चुटुपालू घाटी में स्पीड चालान मीटर जल्द शुरू करने को कहा।
बैठक में एसपी मुकेश लुनायत ने कहा कि अवैध बालू, कोयला के ओवरलोड वाहनों और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त अभियान चलाएगा। ओवरलोड वाहनों के परमिट रद्द और लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई तेज होगी। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का, डीएसपी ट्रैफिक, एनएचएआई और पथ निर्माण विभाग के अभियंता सहित अन्य मौजूद रहे।
