• फैक्ट्री परिसर में शव रखकर प्रदर्शन, मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण
रामगढ़/मांडू: चरही थाना क्षेत्र के 15 माइल स्थित चिंतपूर्णी स्टील प्लांट में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरेश महतो (45 वर्ष) पिता देवनाथ महतो, पतरवा, बलसगरा निवासी के रूप में हुई। हादसे के बाद मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर फैक्ट्री में जमकर हो-हंगामा हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को नरेश महतो फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे। इस दौरान फैक्ट्री परिसर में कांटा कराकर आते तेज रफ्तार ट्रेलर (JH 02 BM 9340) ने नरेश महतो को अपनी चपेट में लेते हुए बुरी तरह से रौंद दिया। जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई और साथी की मौत से आक्रोशित मजदूरों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।
वहीं हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और मजदूरों फैक्ट्री परिसर में शव के साथ प्रदर्शन करते हुए जमकर बवाल काटा। लोग मृतक के आश्रित को नौकरी और मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। वहीं मामले की जानकारी पर पहुंची चरही पुलिस ने लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। बावजूद इसके लोगों ने शव उठाने से रोक दिया और मांगों पर अड़े रहे। इस काफी गहमागहमी का माहौल बना रहा।
मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री में भारी वाहन काफी तेज रफ्तार में चलते हैं। इसकी शिकायत की बार प्रबंधन से भी की गई, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। बहराल, खबर लिखे जाने तक आक्रोशित ग्रामीण फैक्ट्री परिसर में जमे हुए हैं। नौकरी और मुआवजे पर वार्ता की कवायद चल रही है।
